<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, May 29, 2026

एएनएम संवर्ग की समस्याओं को लेकर परिषद ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन


गोरखपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद गोरखपुर के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) गोरखपुर से मुलाकात कर एएनएम संवर्ग की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने सीएमओ को बताया कि एएनएम संवर्ग जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और वर्तमान में विभागीय कार्यों के प्रति कर्मियों का सहयोगात्मक वातावरण बना हुआ है। परिषद ने कहा कि कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान आवश्यक है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से पटल एवं कार्यक्षेत्र परिवर्तन, टीबीआई प्रोत्साहन राशि के नियमित भुगतान तथा एनपीएस कटौती से जुड़ी समस्याओं को उठाया गया। परिषद ने मांग की कि जिन एएनएम कर्मियों की कार्यक्षेत्र अथवा पटल परिवर्तन की इच्छा नहीं है, उन्हें यथावत रखा जाए, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित न हो और कर्मचारियों में असंतोष की स्थिति उत्पन्न न हो।
परिषद ने यह भी कहा कि विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली एएनएम कर्मियों को मिलने वाली टीबीआई प्रोत्साहन राशि का भुगतान जनपद में नियमित रूप से नहीं हो पा रहा है। इसे माहवार सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई।
वर्ष 2023 बैच की एएनएम कर्मियों के खातों से अब तक एनपीएस कटौती शुरू न होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। परिषद ने कहा कि आवश्यक प्रपत्र कई बार जमा किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
वार्ता के दौरान परिषद अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस चिकित्सा कार्ड के तहत अस्पतालों द्वारा इलाज में आनाकानी तथा चिकित्सा प्रतिपूर्ति में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मांग की कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रक्रिया को समयबद्ध किया जाए और अस्पतालों को इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए जाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि एएनएम संवर्ग तथा कैशलेस चिकित्सा एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और विभागीय स्तर पर समाधान योग्य समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा।
इस अवसर पर परिषद के महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंडित श्याम नारायण शुक्ल, संरक्षक अशोक पांडेय, अनिल द्विवेदी, अनूप कुमार, राजेश मिश्रा, सौरभ श्रीवास्तव, इजहार अली सहित एएनएम संवर्ग की नीलम यादव, मंजू राय, सीमा राय, प्रियंका, निशिकान्ति चौधरी, सुमन गौतम और शोभा चौधरी उपस्थित रहीं।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages