<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, May 29, 2026

भाजपा सरकार में बेटियां सुरक्षित नहीं, कांग्रेस जारी रखेगी संघर्ष - कमल किशोर कमाण्डों


बस्ती। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व सांसद कमल किशोर कमाण्डों ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित बेटियों के साथ दुराचार और हत्या के मामलों में सरकार एवं प्रशासन पीड़ित परिवारों की सुनवाई नहीं कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ऐसे मामलों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।
पत्रकारों से बातचीत में कमल किशोर कमाण्डों ने महोबा की एक दलित छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि छात्रा को 16 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया तथा उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़िता के घर तक नहीं पहुंचा, जबकि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय जब पीड़िता के घर संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे तो उन्हें रोकने की हरसंभव कोशिश की गई। इसके बावजूद अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।
उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। कमाण्डों ने आरोप लगाया कि सरकार स्वयं पीड़िता के प्रति संवेदनशील नहीं है और अजय राय के पीड़ित परिवार से मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन कराया गया। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री और विधायक भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का विरोध करने में आगे आ गए।
पूर्व सांसद ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग हास्यास्पद है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। आगरा नगर निगम द्वारा निजी बिजली कंपनी टोरेंट के 430 करोड़ रुपये माफ करने का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “काम लो, चंदा दो” की नीति पर कार्य कर रही है। साथ ही ईडी और आयकर छापों के जरिए वसूली करने का आरोप भी लगाया।
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजेश आर्य ने कहा कि लालगंज थाना क्षेत्र के सिद्धनाथ गांव में दलित बालिका सृष्टि उर्फ परी के साथ दुराचार एवं हत्या के मामले में एक वर्ष बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक घटना का खुलासा नहीं कर सकी है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दलितों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आंदोलन तेज करेगी।
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से शौकत अली नन्हू, अलीम, जयन्त चौधरी, संदीप श्रीवास्तव, मुकेश कुमार, राहुल चौधरी, पिन्टू मिश्र, नफीस अहमद, आलोक पाण्डेय, अभिषेक राय गांधी, अनुराग पाण्डेय सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages