बस्ती। बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए ओडिशा से वाराणसी आए एक बुजुर्ग व्यक्ति अपने साथियों से बिछड़कर भटकते हुए बस्ती पहुंच गए। दुबौलिया पुलिस ने उन्हें सुरक्षित संरक्षण में लेकर सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से परिजनों से संपर्क किया और शुक्रवार को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
ओडिशा के गंजाम जिले के निवासी डी. गोला प्रधान अपने छह साथियों के साथ करीब 10 दिन पहले वाराणसी जलाभिषेक के लिए आए थे। जलाभिषेक के दौरान वह साथियों से बिछड़ गए और भटकते हुए करीब छह दिन पहले दुबौलिया थाना क्षेत्र में पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें थाने लाकर पूछताछ की और परिजनों की तलाश शुरू की।
पुलिस के प्रयास से उनके परिजनों से संपर्क हुआ। शुक्रवार को सीमाचल जेना समेत परिजन दुबौलिया थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने डी. गोला प्रधान को सकुशल एवं सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया। बुजुर्ग को पाकर परिजनों ने दुबौलिया पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार जताया।

No comments:
Post a Comment