गाजीपुर। समाजवादी पार्टी में सदर विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी को लेकर विवाद थाने तक पहुंच गया है। सपा नेता और अधिवक्ता जगत मोहन बिंद ने कोतवाली में तहरीर देकर सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की प्रदेश सचिव बिंदु बाला बिंद, उनके पति केशव बिंद और जेठ अच्छेलाल बिंद के खिलाफ रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।
जगत मोहन बिंद का आरोप है कि वह पिछले 20 वर्षों से समाजवादी पार्टी के सदस्य हैं और सदर विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि बिंदु बाला बिंद भी टिकट की दावेदार हैं। आरोप है कि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा में खुद को कमजोर महसूस करने पर उन्हें चुनावी दौड़ से हटने या पांच लाख रुपये देने का दबाव बनाया गया।
तहरीर के अनुसार, बीते 16 मार्च को केशव बिंद ने फोन कर पांच लाख रुपये की मांग की और टिकट की दावेदारी छोड़ने के लिए कहा। इसके बाद 11 अप्रैल को बिंदु बाला बिंद और अच्छेलाल बिंद उनके घर पहुंचे और पांच दिन के भीतर रुपये न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि डर के कारण उन्होंने 50 हजार रुपये आरोपितों को दे भी दिए, जिसमें 30 हजार रुपये उन्होंने मित्र से उधार लिए थे। अब दोबारा रुपये मांगे जाने से उनका परिवार भयभीत है। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, बिंदु बाला बिंद ने आरोपों को साजिश बताते हुए कहा कि उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
No comments:
Post a Comment