वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह ने अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से थाना कलवारी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान सर्वप्रथम थाना परिसर में सुसज्जित गार्द द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, आईजीआरएस, मिशन शक्ति केन्द्र, साइबर सेल, मालखाना, बैरक एवं बंदीगृह का निरीक्षण कर अभिलेखों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए विवेचकों को निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। मिशन शक्ति डेस्क पर तैनात महिला आरक्षियों को महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से सुनने तथा संबंधित मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए एसपी ने पुलिसकर्मियों को तकनीकी रूप से अपडेट रहने और आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने को कहा। थाना परिसर, बंदीगृह, पुलिस मेस, आवासीय भवन एवं शस्त्रागार की स्वच्छता एवं रखरखाव का भी जायजा लिया गया।
गोष्ठी के दौरान उन्होंने विवेचना निस्तारण, बीट बुक, महिला सुरक्षा, गैंगस्टर, गोवध, चोरी एवं लूट की घटनाओं में प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम चौकीदारों को गांवों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा समय पर सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक कलवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment