वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन (नरवों) गोरखपुर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के उपलक्ष्य में रेलवे प्रेक्षागृह गोरखपुर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष महिला कल्याण संगठन श्रीमती मनीषा बोरवणकर ने मुख्यालय एवं मंडल स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 24 रेल कर्मचारियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती मनीषा बोरवणकर ने रेल कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे के सभी विभागों के कर्मचारियों की मेहनत एवं समर्पण से ही रेल सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होती हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महिला कल्याण संगठन द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया है।
उन्होंने रेलकर्मियों को भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं लगन के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं श्रीमती लीना पाण्डेय, श्रीमती नीतू सिंह, श्रीमती छवी गुप्ता, श्रीमती पल्लवी सिंहल, श्रीमती किरन एवं श्रीमती सुनीता मिश्र सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने सम्मानित रेल कर्मचारियों को शुभकामनाएं प्रदान कीं।

No comments:
Post a Comment