वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। भाजपा के नए महानगर अध्यक्ष के रूप में रमेश प्रताप गुप्ता के नाम की घोषणा होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके झरना टोला कूड़ाघाट स्थित आवास पर सुबह से देर शाम तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
गुरुवार को नाम की घोषणा होने के बाद से ही कार्यकर्ता लगातार उनके आवास पहुंचकर शुभकामनाएं दे रहे हैं। शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी नव निर्वाचित महानगर अध्यक्ष को बधाई देने पहुंचे।
इस अवसर पर रमेश प्रताप गुप्ता ने कहा कि वह कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर संगठन को और मजबूत करने का कार्य करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने एक छोटे कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी देकर सम्मानित किया है।
उन्होंने प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, विधायक विपिन सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव तथा पूर्व महानगर अध्यक्ष राधेश्याम श्रीवास्तव के आवास पहुंचकर आशीर्वाद भी लिया।
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, सांसद रवि किशन, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राजेश गुप्ता, सहजानंद राय सहित कई वरिष्ठ नेताओं, पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

No comments:
Post a Comment