वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार द्वारा तहसील खलीलाबाद अंतर्गत ग्राम मीरगंज में प्रस्तावित बस स्टेशन एवं डिपो कार्यशाला निर्माण कार्य के संबंध में मौके का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य से संबंधित भूमि का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने भूमि के चिन्हांकन की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने तथा प्रभावित परिवारों के सकुशल पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ प्रभावित लोगों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
मौके पर उपस्थित स्थानीय लोगों ने बस स्टेशन एवं डिपो कार्यशाला के निर्माण कार्य में सहयोग देने की सहमति व्यक्त की। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना पूर्ण होने से क्षेत्र में यातायात सुविधाएं बेहतर होंगी तथा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर हृदयराम तिवारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि, परिवहन विभाग के अधिकारी, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालगण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment