वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। बजाज चीनी मिल रुधौली के इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी ने मिल गेट एवं केंद्र प्लांट पर पहुंचकर पौधा गन्ना सर्वे कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम माधवपुर, फतेहपुर, पकड़ी, हरदा, बहादुरपुर, विकर, रामापुर एवं जलालपुर के विभिन्न प्लांटों पर जाकर सर्वे कार्य की जांच की तथा कार्य में लगे कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्लांट का गन्ना सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा तथा पेड़ी प्लांट का सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने गन्ना कृषकों संतराम, रामनाथ, शिवकुमार, विश्वनाथ प्रसाद, रामदास, पहलाद आदि के सर्वेक्षित गन्ना खेतों की पुनः मशीन से जांच कराई। जांच में सर्वे कार्य सही पाया गया तथा पेड़ी प्लांट का सत्यापन भी किया गया।
इकाई प्रमुख ने उपस्थित कृषकों को पेड़ी प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण तथा रोग एवं कीट प्रबंधन के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसान सुबह और शाम अपने खेतों का नियमित निरीक्षण करें। यदि गन्ना फसल में किसी प्रकार का रोग या कीट का प्रकोप दिखाई दे तो तत्काल चीनी मिल के सुपरवाइजर से संपर्क कर दवा प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि उन्नतशील गन्ना प्रजातियां 14201, 16202, 17231, 0118, 15023 एवं 13235 के सर्वे प्लांट का कार्य पूरी तरह पारदर्शी होना चाहिए। गन्ना सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने कृषकों से अपील करते हुए कहा कि सर्वे के दौरान किसान अपने प्लॉट पर अवश्य उपस्थित रहें, जिससे भविष्य में उन्हें चीनी मिल अथवा गन्ना समिति के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि किसानों को एक दिन पूर्व सर्वे गांव की सूचना दे दी जा रही है।
इस दौरान गन्ना प्रबंधक अरविंद द्विवेदी, गेट इंचार्ज राजेश सिंह, फील्ड सुपरवाइजर राजेश चौधरी सहित क्षेत्रीय कृषक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment