बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के जिगिना निवासी संतराम पुत्र कोदईराम ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पकरी नासिर निवासी एक व्यक्ति पर धोखे से जमीन का एग्रीमेंट कराने, रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
संतराम ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वर्ष 2018 में उनकी तबीयत खराब थी। इसी दौरान मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के पकरी नासिर निवासी सुनीत कुमार पुत्र रमेश चन्द्र उन्हें दवा कराने के बहाने रजिस्ट्री कार्यालय ले गए। आरोप है कि वहां किसी कार्य का बहाना बनाकर उनसे हस्ताक्षर करा लिया गया और बाद में जानकारी दी गई कि जमीन का एग्रीमेंट हो गया है।
पीड़ित के अनुसार उनसे कहा गया था कि दो वर्ष छह माह बाद रुपये दिए जाएंगे और तब जमीन लिखी जाएगी, लेकिन आज तक न तो कोई धनराशि दी गई और न ही जमीन लिखाने की कोई प्रक्रिया हुई। आरोप है कि अब विपक्षी जबरन दो लाख रुपये की मांग कर रहा है तथा रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।
संतराम ने यह भी बताया कि जिस जमीन को उन्होंने बाद में किसी अन्य व्यक्ति को बेचा, उसी बैनामे में सुनीत कुमार गवाह बना था। उनका कहना है कि यदि वास्तविक एग्रीमेंट हुआ होता तो विपक्षी जमीन की बिक्री में गवाह नहीं बनता। इससे स्पष्ट होता है कि उनके साथ छल एवं धोखाधड़ी कर फर्जी तरीके से एग्रीमेंट कराया गया।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

No comments:
Post a Comment