गोरखपुर। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जनपद में चल रही गेहूं खरीद व्यवस्था की समीक्षा के लिए नामित नोडल अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने सोमवार को विभिन्न क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिवपुर मोनीटरिंग अड्डा प्रथम एवं द्वितीय, चौरी-चौरा प्रथम एवं द्वितीय तथा पीपीगंज-फरेन्दा मार्ग स्थित क्रय केंद्रों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। नोडल अधिकारी ने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर गेहूं खरीद और भुगतान की स्थिति की जानकारी भी ली। इसके बाद मंडल स्तरीय एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर गेहूं खरीद की प्रगति पर चर्चा की गई।
अधिकारियों के अनुसार, जनपद में विभिन्न एजेंसियों के कुल 477 क्रय केंद्र संचालित हैं, जिनके माध्यम से अब तक 45,333.03 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। यह खरीद 11,097 किसानों से की गई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 38.42 प्रतिशत है। यह आंकड़ा प्रदेश के औसत 31.53 प्रतिशत से लगभग 7 प्रतिशत अधिक है।
पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष खरीद में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान सत्र में अब तक लगभग 16,000 मीट्रिक टन अधिक गेहूं खरीदा जा चुका है। किसानों को भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि गोदामों में भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था है और जूट के बोरों की भी उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। आगामी दिनों में 3900 गांठ जूट बोरों की आपूर्ति होने वाली है, जिससे खरीद कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत किसानों से निरंतर गेहूं खरीद जारी रहेगी और अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

No comments:
Post a Comment