गोरखपुर। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने इसे देश की राजनीति में बड़ा परिवर्तन करार दिया। उन्होंने कहा कि “बंगाल में यह सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि सोच और दिशा का परिवर्तन है। जनता ने विकास, सुशासन और सुरक्षा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है।”
सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस प्रचंड जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम जनता के अटूट विश्वास और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का प्रतिफल है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने पश्चिम बंगाल में 15 से अधिक जनसभाएं कर पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार किया और हर वर्ग में बदलाव की तीव्र इच्छा महसूस की।
रवि किशन ने कहा, “यह जीत हर उस कार्यकर्ता की है जिसने कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया। उनके समर्पण और संघर्ष ने आज इतिहास रच दिया है।”
उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता अब जाति और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर विकास और राष्ट्रहित के मुद्दों पर मतदान कर रही है।
अंत में सांसद ने कहा कि यह जनादेश केवल जीत नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा सरकारें जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी।

No comments:
Post a Comment