सिद्धार्थनगर। मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत “हक की बात जिलाधिकारी के साथ” कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने की।
इस अवसर पर जनपद के विभिन्न हाईस्कूलों के मेधावी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाती है तथा छात्रों को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
बालिकाओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए उन्होंने आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा, करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर जिलाधिकारी से सीधे सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सरल व प्रेरणादायक उत्तर दिया।
कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली 10-10 छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। वहीं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाली 39 छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। साथ ही हाईस्कूल उत्तीर्ण 06 छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी, छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment