बस्ती। सोमवार को “बेसिक शिक्षा 360° डिग्री: सोच से क्रियान्वयन तक” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन हुआ, जिसमें शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, नवाचारी और परिणाममुखी बनाने पर व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। सरस्वती वंदना की प्रस्तुति ने वातावरण को आध्यात्मिक और प्रेरणादायी बना दिया।
मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में वास्तविक बदलाव के लिए योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों व अधिकारियों को सम्मानित करने की बात कही। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालयों में समय-सारिणी का कड़ाई से पालन, छात्रों की प्रगति का नियमित मूल्यांकन तथा शिक्षण कार्य संदर्शिका के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने बताया कि सेमिनार में “स्कूल चलो अभियान”, समावेशी शिक्षा, बालिका शिक्षा एवं सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही डिजिटल अटेंडेंस, मिशन संवाद, गूगल फॉर्म और गूगल शीट जैसे आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग पर प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान निपुण भारत मिशन, समावेशी शिक्षा और डिजिटल शिक्षा पर विशेषज्ञों द्वारा सत्र आयोजित किए गए। साथ ही लाफ्टर एक्टिविटी, टावर निर्माण, आइडिया रॉकेट, ‘थिंक लाइक ए चाइल्ड’ और रोल प्ले जैसी गतिविधियों ने प्रतिभागियों में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
सेमिनार में 71 एकेडमिक रिसोर्स पर्सन, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक एवं अन्य गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में ओपन माइक और फन एक्टिविटी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
यह सेमिनार शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, सहभागिता और गुणवत्ता सुधार को नई दिशा देने वाला साबित हुआ।

No comments:
Post a Comment