भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित एलएनसीटी विश्वविद्यालय में आयोजित पंचम दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर गोरखपुर से सांसद रवि किशन को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया।
समारोह में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल के करकमलों द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, समाजसेवा और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिससे आयोजन और भी भव्य बन गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सांसद रवि किशन ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपाधि उनके लिए गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वह इसे अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी से कार्य करने की प्रेरणा के रूप में स्वीकार करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि वे समाज, प्रदेश और देश की सेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे। जनसेवा को अपना प्रमुख उद्देश्य बताते हुए उन्होंने इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही।
अंत में सांसद ने एलएनसीटी विश्वविद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मान ने उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है, जिससे वे भविष्य में और बेहतर कार्य कर सकेंगे।

No comments:
Post a Comment