गोरखपुर। विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और विशेषज्ञता निर्णायक भूमिका निभाएगी। भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए चिकित्सकों, इंजीनियरों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं और डिजिटल क्षेत्र से जुड़े युवाओं को अपनी क्षमता का उपयोग राष्ट्रहित में करना होगा। यह आह्वान भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वडोदरा के सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने किया।
गुरुवार को गोरखपुर के एनएक्ससी भवन में भाजयुमो गोरखपुर क्षेत्र की ओर से आयोजित इनफ्लुएंसर मीट में उन्होंने कहा कि आज भारत ज्ञान, कौशल और नवाचार के दम पर वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है। समाज में प्रभाव रखने वाले प्रोफेशनल्स की जिम्मेदारी है कि वे अपने अनुभव और सकारात्मक विचारों से नई पीढ़ी को दिशा दें तथा राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने के लिए निरंतर काम कर रही है। डिजिटल युग में सोशल मीडिया और तकनीक केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक बदलाव का प्रभावी साधन भी बन चुके हैं।
भाजयुमो के राष्ट्रीय महामंत्री हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ देश की वास्तविक ताकत हैं। उनकी प्रतिभा और अनुभव को राष्ट्रहित से जोड़ने की जरूरत है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा ने कहा कि भारत की युवा शक्ति हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही है। डिजिटल प्लेटफॉर्म ने विचारों के प्रसार को नई गति दी है, इसलिए आईटी और सोशल मीडिया विशेषज्ञों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरुषार्थ सिंह ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय मंत्री अंबिकेश्वर दुबे ने किया। इस अवसर पर सूरज राय, मुकेश सिंह, सत्यार्थ मिश्रा, नीरज दूबे, विशाल पांडेय, प्रभाकर पांडेय, अभिषेक श्रीवास्तव, हर्ष श्रीवास्तव, प्रशांत शुक्ला, रामानुज तिवारी और नारायण दत्त ओझा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment