वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। प्रधानमंत्री Narendra Modi और मुख्यमंत्री Yogi Adityanath की पेट्रोल-डीजल बचत की अपील का असर बस्ती में भी दिखने लगा है। बुधवार को उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह अपने साथियों के साथ विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर इलेक्ट्रिक ऑटो से पहुंचे। उनके साथ नगर पंचायत नगर के एक दर्जन सभासद मोटरसाइकिलों से पहुंचे।
बिगड़ी विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर श्री राना अधीक्षण अभियंता खालिद सिद्दीकी से संवाद करने उनके बस्ती स्थित कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत को स्वतंत्र फीडर से जोड़ने में देरी, नियमित अवर अभियंता की नियुक्ति न होना, अनियमित विद्युत कटौती, जर्जर तार एवं खंभों से दुर्घटना की आशंका, लो वोल्टेज की समस्या, ट्रांसफार्मर अपग्रेड करने में विलंब, रात्रिकालीन समस्या के समय संपर्क न हो पाना तथा विजिलेंस जांच के नाम पर कथित धन उगाही जैसी समस्याओं से जनता में भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि इन समस्याओं से संबंधित शिकायतें पूर्व में कई बार अधिशासी अभियंता समेत उच्चाधिकारियों को दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। घंटों चली वार्ता के बाद अधीक्षण अभियंता ने आश्वासन दिया कि नगर फीडर पर स्थायी अवर अभियंता की तैनाती की जाएगी। साथ ही नगर को तीन दिनों के भीतर स्वतंत्र फीडर से जोड़कर विद्युत आपूर्ति शुरू कराई जाएगी। सभी 15 वार्डों में क्रमवार शिविर लगाकर विद्युत समस्याओं का समाधान भी कराया जाएगा।
अधीक्षण अभियंता ने क्षेत्र के सहायक अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। इस दौरान श्री राना ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मिलकर जिले की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाएगा।
राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से प्रेरित होकर उन्होंने अपनी चार पहिया वाहन खड़ी कर नगर पंचायत नगर निवासी अपने बाल सखा सतीश चंद्र द्विवेदी के इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा से नगर से बस्ती तक की यात्रा की और वापस लौटे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील की है। वैश्विक युद्ध जैसे हालातों के बीच ईंधन बचाने के लिए सरकार की पहल से समाज को जुड़ना चाहिए।
इस अवसर पर सभासद राजेश पाण्डेय, राज कुमार चौधरी, संजय सोनकर, दिनेश चौरसिया, विजय साहनी, तुलसी राम, बिन्दूलाल, राम सजन यादव, राकेश पाण्डेय, देवेंद्र पाण्डेय सन्नी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment