गोरखपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर के प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा एवं कौशल विकास डॉ. हरिओम से मुलाकात कर आईटीआई अनुदेशकों की लंबित पदोन्नति संबंधी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। होटल रमाडा में हुई इस बैठक में परिषद ने सेवा नियमावली में संशोधन कर पदोन्नति व्यवस्था को बेहतर बनाए जाने की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार द्वारा 07 जनवरी 2016 को जारी दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए डीपीआईआरआई अनुदेशकों को तीन वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर कार्यदेशक/फोरमैन पद पर पदोन्नति के लिए पात्र घोषित करने तथा कार्यदेशक पद पर 25 प्रतिशत पदोन्नति कोटा निर्धारित किए जाने की मांग की। इसके साथ ही प्रधानाचार्य पद पर वर्तमान 10 प्रतिशत पदोन्नति कोटा बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि वर्षों से पदोन्नति में विसंगतियों के कारण आईटीआई अनुदेशकों में निराशा का माहौल है। सेवा नियमावली में संशोधन होने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और तकनीकी प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष रूपेश श्रीवास्तव ने कहा कि परिषद कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है। महामंत्री madन मुरारी शुक्ला ने शासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती विनीता सिंह ने महिला अनुदेशकों की समस्याओं को भी प्रमुख सचिव के समक्ष रखा।
प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर रूपेश श्रीवास्तव, मदन मुरारी शुक्ला, श्रीमती विनीता सिंह, अनूप कुमार श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में आईटीआई अनुदेशक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment