संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में बुधवार को जनपद के सभी थानों की पुलिस ने महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
पुलिस टीमों ने ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं के त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया। महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों तथा आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में बताया। महिलाओं से निडर होकर अपनी बात रखने और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील की गई।
अभियान के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 और cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी दी गई।
पुलिस के अनुसार कोतवाली खलीलाबाद की एंटी रोमियो टीम ने गोला बाजार, विधियानी एवं मुखालिसपुर तिराहा, महिला थाना टीम ने समय माता मंदिर, महुली पुलिस ने ग्राम टिकोईकोल बाबू, मेंहदावल पुलिस ने ग्राम परसा पांडे व रोडवेज तथा बेलहरकला पुलिस ने करमाकला में महिलाओं एवं छात्राओं को पंपलेट वितरित कर जागरूक किया। अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया।

No comments:
Post a Comment