वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने विद्युत उपभोक्ताओं के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए स्मार्ट/प्रीपेड मीटर से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को देखते हुए नई व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। अब सभी स्मार्ट मीटर पोस्टपेड मीटर की तरह कार्य करेंगे, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि अब प्रीपेड व्यवस्था समाप्त कर दी गई है और उपभोक्ताओं को पहले की तरह मासिक बिल प्राप्त होगा। हर महीने की 1 तारीख से 30 तारीख तक की खपत का बिल अगले 10 दिनों के भीतर एसएमएस या व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजा जाएगा, जिसे निर्धारित समय सीमा में जमा करना होगा।
ऊर्जा मंत्री ने उपभोक्ताओं से अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराने और विभागीय संदेशों पर ध्यान देने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में महीने के भीतर बिजली आपूर्ति नहीं काटी जाएगी।
बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं को राहत देते हुए दस किश्तों में भुगतान की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, पुराने मीटरों को स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बदलने का कार्य फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
हाल ही में लगाए गए स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों के समाधान को प्राथमिकता देते हुए विभाग को निर्देशित किया गया है कि समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए। गर्मी के मौसम को देखते हुए शक्ति भवन में बैठक कर अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं को बिजली से जुड़ी कोई परेशानी न हो।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उनके लिए उपभोक्ता हित सर्वोपरि है और इस दिशा में हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

No comments:
Post a Comment