वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जनपद पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 05 मोटरसाइकिल व बाइक बेचकर प्राप्त 17,500 नकद बरामद किया है। इस कार्रवाई से वाहन चोरी की कुल 06 घटनाओं का खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जयप्रकाश दूबे के नेतृत्व में 04 मई 2026 को कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने गोला बाजार क्षेत्र से अभियुक्त किशन कुमार निवासी मटिहना व मनीष सिंह निवासी थवईपार को चोरी की 02 मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर सरौली रेलवे लाइन के किनारे से 03 अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार अभियुक्तों ने खलीलाबाद व आसपास के क्षेत्रों से विभिन्न तिथियों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इनमें कृष्णा पैलेस, पटेल हॉस्पिटल, बरदहिया बाजार, बंजरिया पश्चिमी, सिद्धार्थ हॉस्पिटल व कड़सहरा मार्ग से हुई चोरी की घटनाएं शामिल हैं।
गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली खलीलाबाद में मु0अ0सं0 346/2026 धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है तथा पूर्व दर्ज मामलों में भी संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है।

No comments:
Post a Comment