वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील मेंहदावल पहुंचकर जनसुनवाई की गई। इस दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों का समाधान आपसी समन्वय से किया जाए तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने शिकायत पंजिका का भी निरीक्षण किया तथा पूर्व में निस्तारित मामलों के संबंध में फरियादियों से फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखें।
इस अवसर पर राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment