संतकबीरनगर। थाना बेलहरकला पुलिस ने झपटमारी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में अरुण यादव, मोहम्मद अफजल उर्फ दोने और राज जायसवाल शामिल हैं। तीनों को जंगल बेलहर क्षेत्र से पकड़ा गया और बाद में न्यायालय भेज दिया गया।
घटना 23 फरवरी 2026 की है, जब वादी की पुत्री घर के सामने गुटखा-सिगरेट की दुकान पर खड़ी थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। उनमें से एक ने गुटखा लेने के बहाने पास आकर युवती के गले से मंगलसूत्र झपट लिया और अपने साथियों के साथ फरार हो गया।
इस मामले में थाना बेलहरकला में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक पीली धातु का लॉकेट भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कन्नौजिया, उपनिरीक्षक मातिबर सिंह यादव, कांस्टेबल मनीषचंद और लक्ष्मीकांत तिवारी शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment