महादेवा, बस्ती। विकास खंड बस्ती सदर अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन डिलिया में सोमवार को एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जयंती विलास नेत्र हॉस्पिटल, डमरूवा मूड़घाट (बस्ती) के सहयोग से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लाभ उठाया।
शिविर में जिला चिकित्सालय बस्ती के पूर्व नेत्र सर्जन डॉ. मयंक पांडेय ने अपनी चिकित्सकीय टीम के साथ कुल 150 ग्रामीणों की आंखों की विस्तृत जांच की। जांच के बाद मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां एवं आई ड्रॉप वितरित किए गए।
शिविर के सफल आयोजन में ग्राम प्रधान आशीष उपाध्याय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके विशेष प्रयासों से ग्रामीणों को गांव में ही विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। वहीं, शिविर के प्रशासनिक संचालन एवं व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराने में ग्राम विकास अधिकारी अवधेश वर्मा का विशेष योगदान रहा।
ग्राम सचिवालय के वरिष्ठ सहायक राकेश यादव ने मरीजों के पंजीकरण एवं व्यवस्थाओं के संचालन की जिम्मेदारी संभाली। इसके अतिरिक्त पंचायत सहायक जितेंद्र कुमार तथा सफाईकर्मी रमेश चंद्र उपाध्याय ने शिविर स्थल की स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था और ग्रामीणों के मार्गदर्शन में सराहनीय सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर डॉ. मयंक पांडेय ने ग्रामीणों को आंखों की नियमित जांच कराने, संतुलित आहार अपनाने तथा मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों का समय पर उपचार कराने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि समय रहते जांच और उपचार से गंभीर नेत्र संबंधी समस्याओं से बचा जा सकता है।
ग्रामीणों ने अपने गांव में निःशुल्क एवं विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए जयंती विलास नेत्र हॉस्पिटल की टीम तथा आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया और इस जनहितकारी पहल की सराहना की।

No comments:
Post a Comment