बस्ती। आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के दृष्टिगत सोमवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में साप्ताहिक योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन एवं प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन की उपस्थिति में योग प्रशिक्षक आदित्य नारायण ने पुलिस कर्मियों को योग, प्राणायाम, ध्यान एवं शिथिलीकरण की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया।
योग प्रशिक्षक ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराते हुए नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि योग मानसिक तनाव को कम करने, शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा कार्यकुशलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही विभिन्न प्राणायाम एवं आसनों की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षक आदित्य नारायण ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को मानसिक रूप से अधिक सतर्क, एकाग्र एवं कर्तव्यनिष्ठ बनाता है। शिविर के दौरान पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया और नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को सफल बनाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण शिविर आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment