वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
कानपुर। कानपुर–कबरई खंड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर घाटमपुर फ्लाईओवर में डेक स्लैब के कंक्रीट में कुछ स्थानों पर दरारें तथा सरियों के दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) तत्काल एक्शन में आ गया। सूचना मिलते ही एनएचएआई के परियोजना निदेशक पंकज यादव ने तकनीकी टीम एवं कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।
एनएचएआई के अनुसार फ्लाईओवर की क्षति हमीरपुर से कानपुर जाने वाली लेन पर देखी गई है। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग के सहयोग से सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू कर दिए गए हैं।
एहतियात के तौर पर भारी एवं ओवरलोड वाहनों का आवागमन फ्लाईओवर से हटाकर सर्विस रोड पर डायवर्ट कर दिया गया है। वहीं हल्के वाहनों को नियंत्रित रूप से फ्लाईओवर से गुजरने की अनुमति दी जा रही है। इस व्यवस्था से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ मरम्मत कार्य को भी सुचारु रूप से पूरा किया जा सकेगा।
एनएचएआई ने बताया कि मरम्मत कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप तेजी से कराया जा रहा है। साथ ही यातायात को जल्द से जल्द सामान्य रूप से बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
प्राधिकरण ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी यातायात निर्देशों का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना से बचा जा सके।

No comments:
Post a Comment