महादेवा, बस्ती। आगामी चुनावों की तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) विधानसभा क्षेत्र 311 महादेवा के तत्वावधान में मंगलवार को सेक्टर एवं बूथ स्तरीय संगठन की समीक्षा एवं गठन बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं गोरखपुर, बस्ती तथा देवीपाटन मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी घनश्याम चंद्र खरवार ने कहा कि बूथ स्तर का मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर बहुजन समाज पार्टी की नीतियों, विचारधारा और महापुरुषों के संदेश को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन विस्तार, सेक्टर एवं बूथ कमेटियों के गठन, सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों को गति देने पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें और पार्टी की नीतियों से लोगों को जोड़ने का कार्य करें।
इस दौरान बसपा सुप्रीमो मायावती के नेतृत्व में संचालित जनहितकारी कार्यों और पार्टी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का संकल्प लिया गया। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी ताकत से जुटने का भरोसा दिलाया।
बैठक में मुख्य मंडल प्रभारी कल्पनाथ बाबू, धर्मदेव प्रियदर्शी, के.के. गौतम, संजय धुसिया, जिलाध्यक्ष जयहिन्द गौतम, विधानसभा प्रभारी श्यामभवन, विधानसभा अध्यक्ष प्रदीप गौतम, सेक्टर महासचिव तारकेश्वर नाथ, मालती देवी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment