<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, April 2, 2026

ठोकवा विद्यालय में शैक्षणिक संगोष्ठी व वार्षिकोत्सव सम्पन्न, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित


बस्ती। कुदरहा विकास खण्ड के कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय ठोकवा में गुरुवार को शैक्षणिक उन्नयन संगोष्ठी व वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर अभिभावक संगोष्ठी, पुस्तक वितरण एवं वार्षिक परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रिटायर्ड कैप्टन आर.के. यादव ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां भी अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलता है, जो उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कक्षा 8 की छात्रा रोली को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए साइकिल देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मुख्य अतिथि ने अपने स्वर्गीय पिता भगवान दास यादव की स्मृति में छह प्रतिभाशाली बच्चों को नकद पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री बृजेश त्रिपाठी, प्रधानाध्यापक पवन कुमार, सहायक अध्यापक दीपक कुमार, देवमणि त्रिपाठी, कांति देवी, शिवकुमार, एआरपी रामगोपाल यादव, अनूप सिंह तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामजी सहित अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages