बस्ती। हर्रैया विकासखंड में गुरुवार को ब्लॉक स्तरीय स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद के नेतृत्व में निकली इस रैली को मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख योगेन्द्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली हर्रैया बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय से प्रारंभ होकर पुरानी तहसील, राजघाट, एसबीआई बैंक, फ्लाईओवर चौराहा, सर्विस लेन होते हुए मुरादीपुर चौराहा सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः प्राथमिक विद्यालय हर्रैया प्रथम पर आकर समाप्त हुई। रैली में सैकड़ों बच्चों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया और “बच्चे पढ़ेंगे, पढ़ाएंगे—साक्षर देश बनाएंगे”, “कोई न छूटे इस बार—शिक्षा है सबका अधिकार” जैसे प्रेरक नारे लगाए।
इस दौरान अभिभावकों से अपील की गई कि वे 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का नजदीकी परिषदीय विद्यालयों में नामांकन कराएं। मुख्य अतिथि योगेन्द्र सिंह ने कहा कि हर बच्चे के लिए शिक्षा अनिवार्य है और इसे पूरी मेहनत व लगन से ग्रहण करना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों को भी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने पर जोर दिया।
खंड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद ने बताया कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने शत-प्रतिशत नामांकन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
एआरपी राजीव शुक्ल, संतोष कुमार शुक्ल, मनोज मिश्र, काशीराम वर्मा व रवीश कुमार मिश्र ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की पहली पाठशाला है। इसलिए सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।
रैली में शिक्षक नेता राजकुमार तिवारी, राम सागर वर्मा, विकास पाण्डेय, विजय प्रकाश, मनोज द्विवेदी, प्रवेश कुमार, पवन मिश्र, दीपक सिंह, बृजेंद्र पाण्डेय, पीयूष यादव, अर्जुन चौरसिया, अरविंद विश्वकर्मा, नित्यानंद यादव, प्रदीप मलिक सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment