बस्ती। सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में बुधवार को ‘विश्व पृथ्वी दिवस 2026’ के अवसर पर सुमन ग्रामीण विकास सेवा संस्थान, सिद्धार्थनगर द्वारा भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘हमारी ऊर्जा हमारा ग्रह’ थीम पर विशाल जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य श्रीमती नीलम श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विकास और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखने पर बल देते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षक की भूमिका निभानी होगी, ताकि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रह सके। साथ ही उन्होंने छात्राओं को प्लास्टिक मुक्त भारत के प्रति जागरूक किया।
संस्थान के प्रबंधक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने छात्राओं को समाज में सकारात्मक बदलाव की धुरी बताते हुए जल संचयन और ऊर्जा बचत की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों—विजय प्रसाद शर्मा, प्रेम प्रकाश मिश्र, श्रीमती सुमन मिश्रा, रामजीत चौधरी, श्रीमती रंजना श्रीवास्तव, मुन्नू लाल वर्मा, वाजिद अली, अशोक कुमार अंबेडकर, श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव, फरहीन मलिक, फातिमा, मलिक समद बाबू, नवनीत श्रीवास्तव, रामकुमार यादव, अमित पाण्डेय, सुनील वर्मा व अजय श्रीवास्तव—ने सामूहिक रूप से ऊर्जा संरक्षण, जल बचत और हरित जीवनशैली अपनाने की शपथ ली।
इस अवसर पर शिक्षक अरविंद मिश्रा ने प्लास्टिक मुक्ति तथा शिक्षिका पूजा वर्मा ने हरित ऊर्जा पर व्याख्यान दिया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में पौधरोपण, स्वच्छता अभियान तथा पोस्टर और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। अंत में संस्था के प्रबंधक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment