<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, June 30, 2026

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा आज से, 20 केंद्रों पर 7,608 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा राज्य की महत्वपूर्ण परीक्षाओं में से एक है और इसकी शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने बताया कि जनपद में 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का आयोजन 2, 3 एवं 4 जुलाई 2026 को होगा। प्रत्येक दिन 7,608 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी ने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा से पूर्व अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी केंद्र पर कोई कमी पाई जाती है तो उसे तत्काल दूर कराया जाए तथा शासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा परीक्षा अवधि में नियमित गश्त की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए और नकल, अफवाह अथवा किसी भी अनुचित गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।

बैठक में प्रश्नपत्रों एवं गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित रखरखाव, समयबद्ध वितरण, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, संचार व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, विद्युत आपूर्ति तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, उपजिलाधिकारी हिमांशु कुमार, मनोज प्रकाश, सत्येंद्र सिंह, उमाकांत तिवारी, शत्रुध्न पाठक, रश्मि यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages