वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन और विद्यालय आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत बिना फिटनेस और बिना परमिट संचालित हो रहे स्कूली वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के प्रथम चरण में 1 से 7 जुलाई तक परिवहन विभाग द्वारा स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी कर तथा व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस और वैध परमिट सुनिश्चित कराया जाएगा।
इसके बाद 8 से 15 जुलाई तक पुलिस, यातायात और शिक्षा विभाग के संयुक्त अभियान के तहत व्यापक जांच और प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद यदि कोई विद्यालय बिना फिटनेस और बिना परमिट वाले वाहनों का संचालन करता पाया गया तो ऐसे विद्यालयों की मान्यता निरस्त करने की संस्तुति जिलाधिकारी के माध्यम से शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी।
परिवहन विभाग के अनुसार बस्ती मंडल में बड़ी संख्या में स्कूली वाहन अभी भी बिना फिटनेस और बिना परमिट संचालित हो रहे हैं। जनपद बस्ती में 204 वाहन बिना फिटनेस तथा 89 वाहन बिना परमिट हैं। सिद्धार्थनगर में 56 वाहन बिना फिटनेस और 56 बिना परमिट, जबकि संतकबीरनगर में 90 वाहन बिना फिटनेस तथा 103 वाहन बिना परमिट हैं।
विभाग ने बताया कि संबंधित स्कूलों को कई बार नोटिस भेजे जा चुके हैं और दूरभाष के माध्यम से भी संपर्क किया गया है, लेकिन अभी तक अनेक संस्थानों ने आवश्यक फिटनेस और परमिट प्राप्त नहीं किए हैं।
परिवहन विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से तत्काल अपने वाहनों की फिटनेस और परमिट प्राप्त करने के बाद ही उनका संचालन करने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के बाद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर की जाने वाली कार्रवाई की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रबंधन की होगी।

No comments:
Post a Comment