बस्ती। मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के गुलरिहा सिरसा गांव की निवासी विकलांग महिला अनुराधा पत्नी गिरीश चन्द्र ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर भूमि व पेड़ों से जुड़े विवाद के निस्तारण की मांग की है।
एसपी को दिए गए पत्र में अनुराधा ने बताया कि डीही आबादी में उनका छप्परपोश मकान स्थित है, जिसके उत्तर दिशा में नाली है। मकान और नाली के बीच तीन आम के पेड़ लगे हुए हैं। आरोप है कि गांव के ही रामलोचन, मदन और इन्द्रेश पुत्रगण दयाराम ने उत्तर दिशा में स्थित गाटा संख्या 116 के चकमार्ग को जोतकर अपने खेत में मिला लिया है।
पीड़िता का कहना है कि उक्त लोग ग्राम प्रधान से मिलकर चकमार्ग की नाली को उत्तर की बजाय दक्षिण दिशा में, उसके डीही आबादी क्षेत्र में इंटरलॉकिंग खड़ंजा लगाने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही, उसकी जमीन पर लगे तीन आम के पेड़ों को कटवाने के लिए दबाव बना रहे हैं।
अनुराधा के अनुसार, पेड़ काटने से मना करने पर विपक्षीगण ने अपनी माता कलावती देवी के साथ मिलकर थाने में जबरन सुलहनामा लिखवा दिया और उसके देवर सूर्यनाथ को जेल भिजवा दिया।
पीड़िता ने बताया कि वह और उसका पति दोनों विकलांग, गरीब और असहाय हैं। उन्होंने एसपी से अपने मकान, जमीन और पेड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

No comments:
Post a Comment