वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को मंडल स्तरीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जननी सुरक्षा योजना, जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, पर्यटन विकास, माध्यमिक शिक्षा के प्रोजेक्ट अलंकार, सेतु निर्माण, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, निर्माण कार्य, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं तथा सिंचाई विभाग की योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक परियोजना की नियमित निगरानी कर गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचे। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करें। निर्माणाधीन परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता का सत्यापन करने तथा जन शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर संपर्क भी किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पारदर्शिता और जवाबदेही शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी तथा आईजीआरएस की समीक्षा का संचालन अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी ने किया। बैठक में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, संतकबीर नगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार, सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल सहित तीनों जिलों के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment