वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के निराश्रित गोवंश के संरक्षण एवं गौ आश्रय स्थलों के प्रभावी संचालन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौ संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए नामित नोडल अधिकारियों को शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी नोडल अधिकारी अपने आवंटित गौ आश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण करें तथा वहां चारा, स्वच्छ पेयजल, पशुओं के उपचार, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की निरंतर निगरानी रखें। निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को तत्काल दूर कराते हुए निर्धारित प्रारूप में समयबद्ध रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ आश्रय स्थलों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आश्रय स्थलों की क्षमता, गोवंश की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य की नियमित समीक्षा की जाए। वर्षा ऋतु को देखते हुए आश्रय स्थलों में जलभराव रोकने, पर्याप्त छाया और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, एसडीएम राजेश यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी धनश्याम सागर, जिला समाज कल्याण अधिकारी विमल शुक्ला, जिला सेवायोजन अधिकारी मनोज श्रीवास्तव, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं नामित नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment