बस्ती। सामाजिक कार्यकर्ता ‘पेड़ वाले बाबा’ के नाम से प्रसिद्ध गौहर अली ने रविवार को रजिस्ट्री दफ्तर के पास लगाए गए पौधों की देखभाल करते हुए कटाई-छंटाई, निराई-गुड़ाई का कार्य किया। इस दौरान जो पौधे काफी बड़े हो चुके थे, उनके ट्री गार्ड भी हटा दिए गए ताकि वे स्वतंत्र रूप से विकसित हो सकें।
सफाई और देखभाल के दौरान कई लोगों को मधुमक्खियों और कीटों के हमले का सामना भी करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद कार्य बिना रुके जारी रहा। गौहर अली ने बताया कि कुछ पौधे अभी पूरी तरह विकसित नहीं हुए हैं, लेकिन बारिश के बाद वे पूरी तरह स्वावलंबी हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि वह जब भी कोई पौधा लगाते हैं, तब तक उसकी सेवा करते रहते हैं जब तक वह एक मजबूत पेड़ का रूप न ले ले। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में जैसे हम अपना ध्यान रखते हैं, वैसे ही पेड़-पौधों की देखभाल भी बेहद जरूरी है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण पौधे मुरझा जाते हैं और उनकी हरियाली कम हो जाती है, इसलिए नियमित देखभाल आवश्यक है।
इस सेवा कार्य में अखिलेश राज, रामलाल सोनी और राहुल कुमार सहित अन्य लोगों ने भी सहयोग किया।

No comments:
Post a Comment