बस्ती। जिले की वाल्टरगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा चोरी के एक मामले का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई ई-रिक्शा के महत्वपूर्ण पार्ट्स बरामद किए हैं, जिससे पीड़ित को बड़ी राहत मिली है।
थाना वाल्टरगंज में 08 अप्रैल 2026 को दर्ज मु0अ0सं0 74/2026 (धारा 303(2), 317(2) बीएनएस) के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रविवार को पुर्सिया नहर पुलिया के पास से अभियुक्त सद्दाम (38) पुत्र मो. वशीर, निवासी वैदौला वार्ड नंबर 6, डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से ई-रिक्शा की काले रंग की चेचिस, सफेद बॉडी (बिना सीट), चार बैटरियां, एक मोटर, पहिया धुर्रा, तीन चक्के (टायर सहित), दो शॉकर व दो स्प्रिंग शॉकर बरामद किए गए हैं।
घटना के अनुसार, वादी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 01/02 अप्रैल की रात घर के बाहर खड़ी उसकी ई-रिक्शा अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आखिरकार सफलता हासिल की।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने ई-रिक्शा को ग्राम भुजैनिया से चोरी किया था और उसे अलग-अलग हिस्सों में खोलकर कबाड़ी को बेचने के इरादे से छिपा दिया था। पुलिस ने समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया, जिससे चोरी का सामान भी बरामद हो सका।
इस सराहनीय कार्रवाई में थानाध्यक्ष सूर्यप्रकाश सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गामा यादव, हेड कांस्टेबल राजाराम गुप्ता एवं कांस्टेबल शैलेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment