वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। शैक्षिक सत्र 2026-27 के आगाज पर जनपद में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी खलीलाबाद जनार्दन यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, कंपोजिट विद्यालय खलीलाबाद समेत आसपास के विद्यालयों के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हाथों में तख्तियां लेकर बच्चों ने जनमानस को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।
रैली का नेतृत्व करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद के शत-प्रतिशत बच्चों को विद्यालय तक पहुंचाना है। रैली का समापन जूनियर हाई स्कूल खलीलाबाद परिसर में हुआ, जहां बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें मिठाई खिलाई गई तथा निशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया।
उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है कि अब तक शत-प्रतिशत साक्षरता दर हासिल नहीं की जा सकी है। इस वर्ष शासन की मंशा के अनुरूप मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनपद को पूर्ण साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी जनार्दन यादव ने अभिभावकों और शिक्षकों से आह्वान किया कि नामांकन बढ़ाने और ‘निपुण विद्यालय’ लक्ष्य को प्राप्त करने में अपना सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों को कॉन्वेंट स्कूलों के समकक्ष बनाना होगा, ताकि समाज के अंतिम पंक्ति तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंच सके।
उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री विद्यालय योजना के अंतर्गत कक्षा 1 से 12 तक संचालित होने वाला एक कंपोजिट विद्यालय एक ही परिसर में विकसित किया जा रहा है तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के उच्चीकरण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। बालिका शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि एक बालिका का शिक्षित होना पूरे परिवार के शिक्षित होने के समान है।
इसी क्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों में भी खंड शिक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में रैलियां निकाली गईं तथा बच्चों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला व्यायाम शिक्षक इंद्रेश पांडेय ने किया। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कंपोजिट विद्यालय खलीलाबाद का स्टाफ एवं जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment