वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा के सकुशल एवं शुचितापूर्ण संपादन को लेकर रिजर्व पुलिस लाइन्स परिसर में ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, विभिन्न थानों के एसओ/एसएचओ तथा परीक्षा ड्यूटी में लगे अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन तलाशी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री को केंद्रों के अंदर ले जाने की अनुमति न दी जाए। सभी पुलिसकर्मी और केंद्र व्यवस्थापक निर्धारित समय से पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर ड्यूटी संभालें।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगने देने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों और नकल कराने वाले गिरोहों पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इसके साथ ही सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों से निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा पल-पल की रिपोर्ट कंट्रोल रूम को भेजने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

No comments:
Post a Comment