वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को संरक्षा विभाग, गोरखपुर में प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी नीरज गुप्ता की अध्यक्षता में राजभाषा प्रगति संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान हिंदी कार्यशाला, तकनीकी संगोष्ठी एवं हिंदी साहित्यिक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी नीरज गुप्ता ने कहा कि रेलवे के संरक्षा विभाग में हिंदी के प्रयोग-प्रसार की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि विभाग राजभाषा लक्ष्यों के अनुरूप कार्य कर रहा है तथा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यशाला में संरक्षा विभाग के राजभाषा संपर्क अधिकारी एवं उप मुख्य संरक्षा अधिकारी कार्तिकेय सिंह ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बताया कि विभाग में अधिकांश कार्य हिंदी में किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजभाषा वार्षिक कार्यक्रम 2025-26 के निर्धारित लक्ष्यों का सफलतापूर्वक अनुपालन किया गया है तथा सभी अधिकारी अपनी निरीक्षण रिपोर्ट हिंदी में जारी कर रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने "आहार एवं पोषण" विषय पर भी विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला में वरिष्ठ अनुवादक सुश्री सपना खरे ने राजभाषा नियमों एवं अधिनियमों की विस्तृत जानकारी दी, जबकि वरिष्ठ अनुवादक श्रीमती अनामिका सिंह ने हिंदी के प्रख्यात साहित्यकार बाबा नागार्जुन के जीवन एवं साहित्य पर अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक का संचालन राकेश कुमार शर्मा ने किया तथा उप मुख्य संरक्षा अधिकारी (सिग्नल) राजेश कुमार शर्मा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संरक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment