<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, June 30, 2026

गोरखपुर विश्वविद्यालय में ‘प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस’ बने सांसद रवि किशन


गोरखपुर। गोरखपुर से सांसद और अभिनेता रवि किशन शुक्ला को पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने ‘प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस’ नियुक्त किया है। विश्वविद्यालय की कार्य परिषद ने कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार रवि किशन का कार्यकाल प्रारंभिक रूप से एक वर्ष का होगा। इस दौरान वह समय-समय पर विश्वविद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को अभिनय, रंगमंच, सिनेमा, संचार कौशल और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे। साथ ही विशेष व्याख्यान, कार्यशालाओं और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को फिल्म उद्योग के अनुभवों से भी अवगत कराएंगे।
यह नियुक्ति पूरी तरह मानद आधार पर की गई है। विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें किसी प्रकार का वेतन, मानदेय या यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। विश्वविद्यालय का मानना है कि विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी व्यक्तियों को शिक्षा से जोड़ने से विद्यार्थियों को वास्तविक कार्य अनुभव और उद्योग की आवश्यकताओं को समझने का अवसर मिलता है।
रवि किशन विशेष रूप से ललित कला, संगीत, रंगमंच और नाट्य कला के विद्यार्थियों के साथ कार्य करेंगे। वे अभिनय की बारीकियों, संवाद अदायगी, मंच संचालन, कैमरे के सामने प्रस्तुति, ऑडिशन की तैयारी और फिल्म उद्योग की कार्यप्रणाली से छात्रों को परिचित कराएंगे।
नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सांसद रवि किशन ने विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे और युवाओं के अभिनय कौशल को निखारने के साथ उन्हें उनके सपनों तक पहुंचने में हरसंभव सहयोग देंगे।
शिक्षाविदों ने विश्वविद्यालय के इस कदम को उच्च शिक्षा को अधिक व्यावहारिक और रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है। उनका मानना है कि रवि किशन के अनुभव और मार्गदर्शन से कला एवं प्रदर्शन कलाओं से जुड़े विद्यार्थियों को नई सोच, नई ऊर्जा और बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages