गोरखपुर। “मिशन-शक्ति फेज-5.0” के फेज-2 के विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद गोरखपुर में विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक अपराध/नोडल मिशन-शक्ति के पर्यवेक्षण में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।
अभियान के दौरान जनपद के समस्त थानों पर नियुक्त मिशन शक्ति टीम, पीआरवी एवं अन्य पुलिस बल ने स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और बाजार क्षेत्रों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उन्हें घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम कानून तथा महिलाओं की गरिमा से जुड़े अपराधों के बारे में जानकारी दी गई।
इसके साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों—वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, वन स्टॉप सेंटर 181, एम्बुलेंस सेवा 108 एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी देकर पंपलेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराना बताया गया।

No comments:
Post a Comment