गोरखपुर। तहसील बांसगांव क्षेत्र के कोड़ियाम उपनगर में सड़क पर हो रहे अवैध अतिक्रमण के कारण लगातार लग रहे जाम से स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर समाजसेवी ज्योत्सना दूबे ने जिलाधिकारी गोरखपुर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि कोड़ियाम सड़क पर अतिक्रमण के चलते आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आम जनमानस के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आवागमन बाधित होने के कारण क्षेत्र में असुविधा बढ़ती जा रही है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से अपील की गई है कि अवैध अतिक्रमण को हटवाकर सड़क को जाम मुक्त कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। साथ ही संबंधित अधिकारियों को इस समस्या का जल्द समाधान करने का आग्रह किया गया है।
इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय, मंडलायुक्त गोरखपुर तथा उपजिलाधिकारी बांसगांव को भी प्रेषित की गई है।

No comments:
Post a Comment