गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, सेंट्रल मार्केट गाजियाबाद में पूर्व निर्धारित समय पर समस्त फ्रंटल संगठनों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने की, जबकि फ्रंटल संगठनों के कोऑर्डिनेटर राजकुमार शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने, फ्रंटल संगठनों को सक्रिय करने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने पर जोर दिया गया। कोऑर्डिनेटर द्वारा तैयार की जा रही रिपोर्ट को लखनऊ और दिल्ली भेजे जाने की बात भी कही गई। वक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में गाजियाबाद की अहम भूमिका है और यहां से संगठन को नई दिशा मिलेगी।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि सभी फ्रंटल संगठन जमीनी स्तर पर कार्य करें और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस एक बार फिर गाजियाबाद में अपना परचम लहराएगी और प्रदेश में मजबूत स्थिति बनाएगी।
बैठक में विधि प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मनोज राय अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। उनके साथ मोहम्मद यूनुस खान, मनोरमा कुमारी सिंह और महेश कुमार शुक्ला सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे। इसके अलावा नव नियुक्त यूथ जिला अध्यक्ष कपिल यादव, एनएसयूआई अध्यक्ष सलमान मंसूरी, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के सलीम अहमद सैफी, महिला जिला अध्यक्ष डोली त्यागी और आरटीआई विभाग की जिला अध्यक्ष लज्जा यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में सैकड़ों की संख्या में फ्रंटल संगठनों और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की भागीदारी रही।

No comments:
Post a Comment