<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, April 21, 2026

थाना मेंहदावल में मिशन शक्ति केन्द्र का उद्घाटन, महिलाओं की सुरक्षा को मिलेगा नया संबल


संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना द्वारा थाना मेंहदावल परिसर में नवनिर्मित मिशन शक्ति केन्द्र का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने मिशन शक्ति केन्द्र, मालखाना एवं अन्य अभिलेखों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों से संवाद करते हुए निर्देशित किया कि थाने पर आने वाली पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उन्हें त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत गांवों एवं सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति निरंतर जागरूक करने पर भी बल दिया।

नवनिर्मित मिशन शक्ति केन्द्र का उद्देश्य थाना स्तर पर आने वाली पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित, सहज एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रख सकें। केन्द्र को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया गया है, जहां शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी जाएगी।

उद्घाटन के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं स्वावलंबन प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस केन्द्र के शुरू होने से क्षेत्र की महिलाओं को न्याय पाने में आसानी होगी और पुलिस के प्रति उनका विश्वास और मजबूत होगा।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना बखिरा सतीश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष मेंहदावल सुरेन्द्र कुमार सिंह, पीआरओ पी.के. गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages