वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की कोर कमेटी की बैठक विकास भवन परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष रूपेश श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल द्वारा किया गया।
बैठक में कमेटी सदस्य अशोक पांडे ने प्रस्ताव रखा कि आगामी कैबिनेट बैठक में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सभी लंबित मांगों को पूरा करने तथा पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग की जाए। इस प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई।
अध्यक्ष रूपेश श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार को कर्मचारी हितों से जुड़ी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कोरोना काल में निलंबित भत्तों को बहाल करने, विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती करने तथा आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर नियमित नियुक्तियां करने की मांग उठाई। साथ ही कैशलेस चिकित्सा योजना में ओपीडी को शामिल करने और नई पेंशन स्कीम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी कैशलेस चिकित्सा का लाभ देने की बात कही।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा नहीं किया गया तो कर्मचारी समाज आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगा।
महामंत्री मदन मुरारी शुक्ला ने कहा कि जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सांसद रहते हुए वर्ष 2013 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखकर नई पेंशन स्कीम समाप्त करने की मांग कर चुके हैं, तो अब प्रदेश के मुखिया के रूप में उन्हें इस दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि मुख्यमंत्री वर्तमान प्रधानमंत्री से इस विषय में पत्राचार करें और यदि केंद्र स्तर पर विलंब हो तो उत्तर प्रदेश में स्वयं पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करें।
बैठक में गोविंद जी, पंडित श्याम नारायण शुक्ल, अनिल द्विवेदी, अनूप कुमार, राजेश मिश्रा, सौरभ श्रीवास्तव, इजहार अली, बंटी श्रीवास्तव, निशिकांत चौधरी, विनीता सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment