गोरखपुर। सरस्वती शिशु मंदिर (10+2) पक्कीबाग में सिख धर्म के नौवें गुरु गुरु तेग बहादुर जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया, जिसके बाद विद्यालय परिसर में भक्ति और सम्मान का वातावरण व्याप्त हो गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को गुरु तेग बहादुर जी के अद्वितीय बलिदान, धार्मिक सहिष्णुता और मानवता के प्रति उनके समर्पण के बारे में विस्तार से बताया गया। मुख्य वक्ता वरिष्ठ आचार्य अमर सिंह ने कहा कि गुरु जी ने अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध डटकर मुकाबला किया और धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। उनका जीवन सत्य, साहस और त्याग का अनुपम उदाहरण है।
प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और निडर होकर सत्य के मार्ग पर चलें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने गुरु जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य राम केवल शर्मा, मंजरी यादव सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

No comments:
Post a Comment