बस्ती। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा एवं सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित प्रमुख योजनाओं की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पर्याप्त संख्या में साइन बोर्ड लगाए जाएं। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाने तथा रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा संचालन किसी भी स्थिति में न होने पाए।
इसके बाद सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने पीएम सूर्यघर, पीएम कुसुम, मुख्यमंत्री आवास, सीएम उद्यमी, जननी सुरक्षा योजना, जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, पर्यटन परियोजनाओं एवं सेतु निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएमआईएस पोर्टल पर आंकड़ों को नियमित रूप से अद्यतन रखने पर जोर दिया।
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर समय से संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जाए। ओटीडी सेल की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने डेटा रिपोर्टिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश कुमार, यातायात निरीक्षक अवधेश तिवारी, जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, एआरएम आयुष भटनागर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment