वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जिलाधिकारी के निर्देशन में एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने हेतु 6 से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया। मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने बताया कि जनपद में कुल 5,20,346 किसानों में से 3,71,116 (71.31 प्रतिशत) किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है।
अभियान के तहत तहसील बस्ती सदर व हर्रैया को प्रतिदिन 3500 तथा भानपुर व रुधौली को 1500 रजिस्ट्री का लक्ष्य दिया गया था। अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र भ्रमण कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। शेष किसानों का पंजीकरण कराने के लिए राजस्व, कृषि व पंचायत विभाग के कर्मचारी ग्राम प्रधानों व कोटेदारों के साथ मिलकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।
समीक्षा में खराब प्रदर्शन पाए जाने पर हर्रैया तहसील के 9 लेखपालों का अप्रैल माह का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है, जबकि बस्ती सदर में 20 लेखपालों को नोटिस जारी किया गया है। सभी ग्राम पंचायतों में रोस्टर के अनुसार कैंप लगाए जा रहे हैं और अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री से पीएम किसान, फसल बीमा समेत अन्य योजनाओं का लाभ सीधे किसानों को मिलेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैंप या जन सेवा केंद्र पर पहुंचकर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं।

No comments:
Post a Comment