गोरखपुर। शहरी विस्तार को नई दिशा देने के लिए उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद (यूपीएवीपी) जंगल कौड़िया क्षेत्र में एक विशाल और आधुनिक टाउनशिप विकसित करने जा रहा है। करीब 270 हेक्टेयर (लगभग 667 एकड़) क्षेत्र में प्रस्तावित यह परियोजना गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर स्थित होगी और इसे अत्याधुनिक ‘ड्रीम सिटी’ के रूप में विकसित करने की योजना है।
इस विशाल परियोजना के लिए परिषद ने पांच प्रमुख गांवों का चयन किया है। प्रेमपुर, जंगल कौड़िया, चिउतहा, करहिया और ताल जमुआर की भूमि को इस टाउनशिप के लिए अधिग्रहित की जाएगी। इन गांवों की जमीनों का सर्वे और चिह्नांकन कर लिया गया है।
फिलहाल परिषद अधिनियम 1965 की धारा 28 का प्रस्ताव अभी अनुमोदित नहीं हो पाया है। जैसे ही इसे मंजूरी मिलेगी, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी जाएगी। आवास विकास परिषद के अधिकारियों के अनुसार भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव तैयार है, जिसे जल्द ही बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। आवास आयुक्त, अपर आवास आयुक्त और सचिव स्तर पर होने वाली बोर्ड बैठक इस परियोजना पर अंतिम मोहर लगेगी। उम्मीद है कि इसी माह होने वाली बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी।
- राज्य स्तर पर मिल चुकी है प्रारंभिक मंजूरी
इस परियोजना को राज्य स्तरीय चयन समिति से भूमि अधिग्रहण और लेआउट प्लान के लिए प्रारंभिक मंजूरी मिल चुकी है। अब अंतिम स्वीकृति बोर्ड बैठक के बाद दी जाएगी, जिसके बाद निर्माण की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जाएंगे। वहीं, परिषद के अधिकारियों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण में किसानों के हितों का ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए आपसी सहमति से भूमि दर तय करने, लैंड पूलिंग और अन्य विकल्पों पर कार्य किया जाएगा। इससे किसानों को बेहतर मुआवजा और परियोजना में भागीदारी का अवसर मिलने की संभावना है।
- 50 प्रतिशत भूमि पर विकसित होगी बुनियादी ढांचा की सुविधाएं
प्रस्तावित टाउनशिप में 50 प्रतिशत क्षेत्र बुनियादी ढांचे के विकास के लिए निर्धारित किया गया है, जिसमें चौड़ी सड़कें, पार्क, जल निकासी, बिजली व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाएं शामिल होंगी। शेष 50 प्रतिशत क्षेत्र में आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों का विकास किया जाएगा।
परियोजना को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि यहां रहने वालों को एक ही स्थान पर सभी आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। बेहतर यातायात व्यवस्था, हरित क्षेत्र, शापिंग काम्प्लेक्स और सामुदायिक केंद्र इसे एक समग्र शहरी केंद्र के रूप में स्थापित करेंगे।
No comments:
Post a Comment